फोटो परिचय-  मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक करती पुलिस टीम।

– मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और किशोरियों को बताए सुरक्षा के अधिकार

– छेड़छाड़ व उत्पीड़न की शिकायत तत्काल करने की अपील, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने जनपद में निगरानी और जनजागरूकता की मुहिम को गति दी है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत मंगलवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अभियान चलाकर महिला सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिलाओं के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और उत्पीड़न करने वाले अराजकतत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

अभियान के दौरान मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने ग्रामीण बस्तियों, बाजारों, चौराहों तथा सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं छात्राओं से सीधा संवाद किया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि किसी भी तरह की परेशानी, पीछा करने, अशोभनीय व्यवहार या घरेलू हिंसा की स्थिति में खामोश रहने की जरूरत नहीं है। अपने साथ होने वाली घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देकर कानूनी कार्रवाई कराई जा सकती है।

ग्रामीण इलाकों में आयोजित चौपालों के जरिए महिलाओं की समस्याओं को सुना गया। पुलिस टीमों ने उनके अधिकारों और आत्मरक्षा के तरीकों की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं की सुरक्षा के उपायों से अवगत कराया और असामाजिक गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

पुलिस ने जागरूकता अभियान के दौरान विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के नंबर भी साझा किए। महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी दी गई। इसके अलावा साइबर ठगी होने पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। पुलिस ने अपील की कि महिला सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर बिना झिझक पुलिस की सहायता लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now