– हसवा ब्लॉक में अभियान को सफल बनाने के लिए 194 टीमें तैनात, 33 सुपरवाइजर संभालेंगे निगरानी

– 7 दिसंबर तक चलेगा अभियान, उम्र और लंबाई के मुताबिक खिलाई जाएगी तीन दवाओं की खुराक

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के खात्मे के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में हसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में संचालित अभियान की प्रगति परखने के लिए समीक्षा बैठक और क्षेत्रीय निरीक्षण किया गया। जिला स्तरीय नोडल अधिकारी लालचंद गौतम तथा सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुपम सिंह ने अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हसवा ब्लॉक में अभियान के संचालन के लिए 194 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में दो कर्मचारी तैनात किए गए हैं। अभियान में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की भी जिम्मेदारी तय की गई है। निगरानी व्यवस्था के लिए 33 सुपरवाइजर, चार आरआर टीमें और दो मोबाइल टीमें बनाई गई हैं।

19 नवंबर से सात दिसंबर तक चलने वाले अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराएंगे। इसके तहत एलबेंडाजोल, डीईसी और इवरमेक्टिन की दवाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार दी जाएंगी। लाभार्थियों की उम्र और लंबाई को ध्यान में रखकर दवा की खुराक तय की जाएगी।

मंगलवार को एकारी, रमवां और टीसी आयुष्मान आरोग्य मंदिर से जुड़ी टीमों के कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने अभियान की प्रगति, दवा वितरण और टीमों की सक्रियता की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य दिवस कार्यक्रम के तहत आशा, एएनएम, सीएचओ, संगिनी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों एवं अधिकारियों की स्व-जनगणना की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।

इस मौके पर अनिल मौर्या, वीर बहादुर, जावेद आलम, कैलाश नाथ, हेमचंद्र चौधरी, निरूपमा पाल, प्रतीक्षा शुक्ला और वंदना सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now