फोटो परिचय- सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों को आशीर्वाद देते जनप्रतिनिधि।
– ब्रह्मदेव सरकार आश्रम में आयोजित हुआ 17वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह
– कैबिनेट मंत्री राकेश सचान सहित विधायकों ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
CITY NEWS FATEHPUR
अमौली, फतेहपुर(CNF)। बुढ़वा गांव स्थित ब्रह्मदेव सरकार आश्रम मंगलवार को मांगलिक गीतों और वैदिक मंत्रों से गूंज उठा। अवसर था 17वें सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का, जहां अलग-अलग परिवारों से जुड़े 20 जोड़ों ने धार्मिक परंपराओं के बीच वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। धर्म संस्कार महोत्सव, श्री विष्णु महायज्ञ और मेले के आयोजन के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
समारोह की शुरुआत विवाह की पारंपरिक रस्मों से हुई। सजे-धजे वर-वधुओं ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान मंगलगीतों और भजनों से आश्रम परिसर का वातावरण पूरी तरह उल्लासमय हो गया। इसके बाद निर्धारित विवाह मंडपों में पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों का विवाह संस्कार संपन्न कराया। अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लेने के साथ 20 जोड़े दांपत्य जीवन के बंधन में बंध गए।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और परिजनों ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद भावुक माहौल में नवदंपतियों की विदाई की गई।
आयोजन की विशेषता यह रही कि नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए जरूरी सामान भी प्रदान किया गया। आयोजकों की ओर से बेड, अलमारी, गद्दा, श्रृंगारदान, बॉक्स, तकिया, बर्तन, कपड़े सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपहार स्वरूप दी गईं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान तथा विशिष्ट अतिथि विधायक जय कुमार सिंह जैकी और विधायक राजेंद्र पटेल ने शिरकत की। जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए इस सामाजिक पहल की सराहना की। कार्यक्रम आयोजक विमलेश त्रिवेदी ने अतिथियों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सुशीला सिंह, इंद्रजीत सिंह, अरविंद उमराव, श्रीकांत उत्तम, विवेक उत्तम, सोमदत्त पांडेय, राकेश यादव, रामआसरे अवस्थी, प्रमोद सचान, डॉ. पुष्पेंद्र सैनी, प्रशांत अवस्थी, चंदन सचान, भक्त कुटार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।




