फोटो परिचय-  गुरुद्वारा परिसर में आयोजित लंगर में प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु।

– गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में धार्मिक आयोजन के साथ सजी गुरु दरबार की महफिल

– विशाल लंगर में जाति-धर्म से ऊपर उठकर लोगों ने एक साथ ग्रहण किया प्रसाद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मानवता, समानता और सद्भाव का संदेश देने वाले सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा। शबद-कीर्तन की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में हाजिरी लगाई और माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।

प्रबंधक कमेटी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में साप्ताहिक पाठ की समाप्ति के बाद विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया। ज्ञानी प्रीतम सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु साहिब ने पूरी मानवता को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया। उन्होंने जाति, धर्म, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को समान दृष्टि से देखने की सीख दी। उनका जीवन दर्शन आज भी समाज को प्रेम, करुणा और भाईचारे के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने संगत से गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों नाम जपो, किरत करो और वंड छको को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और जरूरतमंदों के साथ मिल-बांटकर भोजन करना ही गुरु साहिब की शिक्षाओं का मूल आधार है। जतिंदर पाल सिंह ने भी गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनके उपदेशों को वर्तमान सामाजिक परिवेश में प्रासंगिक बताया।

धार्मिक आयोजन के उपरांत गुरुद्वारा परिसर में विशाल लंगर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अन्य लोगों ने पंक्तिबद्ध बैठकर गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। लंगर के माध्यम से सेवा, समर्पण और समानता की परंपरा का संदेश दिया गया।

इस मौके पर जतिंदर पाल सिंह, लाभ सिंह, परमजीत सिंह, परविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, नरिंदर सिंह, जसवीर सिंह, पपिंदर सिंह, सतपाल सिंह, सरन पाल सिंह सन्नी, वरिंदर सिंह, सुरिंदर सिंह, हरमंगल सिंह, मंजीत सिंह, ग्रेटी, किंग, बंटी, तरन, कंवलजीत सिंह, अनमोल सिंह, चरणजीत सिंह, हरजीत कौर, गुरप्रीत कौर, ईशर कौर, हरविंदर कौर, कुलवीर सिंह, रंजीत कौर, गुरचरण कौर, मंजीत कौर, खुशी, प्रभजस, गगनवीर सिंह एवं जसकीरत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now