– खागा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर गई जान

– बिहार का रहने वाला था मृतक, दिल्ली से लौट रहा था घर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। खागा रेलवे स्टेशन के निकट मंगलवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसे में 35 वर्षीय युवक की जान चली गई। दिल्ली से बिहार स्थित अपने गांव लौट रहा युवक राजधानी एक्सप्रेस से नीचे गिर गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार प्रांत के छपरा जनपद के इसुआपुर थाना क्षेत्र के प्रिपहिया गांव निवासी दीपलाल महतो का पुत्र रंजीत महतो दिल्ली से राजधानी एक्सप्रेस में सवार होकर अपने घर जा रहा था। मंगलवार की रात जब ट्रेन खागा रेलवे स्टेशन के आसपास पहुंची, तभी वह अचानक ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की सूचना से उसके परिजनों में शोक छा गया। फिलहाल युवक के ट्रेन से गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now