फोटो परिचय- रात में वाहन चालकों की जांच करती यातायात पुलिस।
– यातायात पुलिस के रात्रिकालीन अभियान में 1.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया
– यातायात नियम तोड़ने वालों को दी गई सख्त कार्रवाई की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार देर रात जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 वाहनों के ई-चालान करते हुए कुल एक लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश और क्षेत्राधिकारी यातायात बृजमोहन राय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई यातायात माह नवंबर के अंतर्गत की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों को रोककर चालकों की जांच की और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की। देर रात अचानक हुई चेकिंग से वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को आगाह किया कि शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करके गाड़ी चलाना गंभीर लापरवाही है। इससे न केवल चालक की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी भी जोखिम में आ जाती है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सभी यातायात नियमों को गंभीरता से लें।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




