फोटो परिचय-  पुलिस कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

– पुलिस लाइन में संविधान दिवस पर आयोजित हुआ शपथ ग्रहण कार्यक्रम

– एसपी ने अधिकारियों और जवानों को दिलाई संवैधानिक मूल्यों के सम्मान की शपथ

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। संविधान दिवस पर पुलिस विभाग ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। साथ ही सभी को मौलिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए उनके पालन का संकल्प दिलाया।

इस दौरान एसपी ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार देने के साथ ही राष्ट्र और समाज के प्रति उसके दायित्वों का भी बोध कराता है। संविधान में समाहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है कि इन संवैधानिक मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में उतारते हुए निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करे।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से कानून के प्रति सम्मान, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कहा कि आमजन के साथ बेहतर व्यवहार और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करना पुलिस की कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी नगर समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now