फोटो परिचय-  सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का दृश्य।

– बिंदकी तहसील के सिकंदरपुर गांव में नवीन परती की जमीन पर कब्जे का आरोप

– राजस्व और पुलिस टीम कई बार रुकवा चुकी थी निर्माण कार्य

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद अवैध कब्जों के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला बिंदकी तहसील क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव का है, जहां राजस्व अभिलेखों में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज नवीन परती पर मकान बनवाने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गांव की गाटा संख्या 327, जिसका क्षेत्रफल 0.2100 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 328, जिसका क्षेत्रफल 0.3090 हेक्टेयर है, राजस्व रिकॉर्ड में नवीन परती के नाम दर्ज हैं। आरोप है कि गांव निवासी कुंदन पुत्र मुन्नू ने गाटा संख्या 327 की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से मकान का निर्माण शुरू करा दिया।

मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कई बार निर्माण कार्य बंद कराया। साथ ही संबंधित व्यक्ति को सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं कराने की चेतावनी भी दी गई। इसके बावजूद आरोप है कि रोक के बाद भी चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखा गया।

शिकायतकर्ता हरीश कुमार सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर लगातार हो रहे निर्माण की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके अनुपालन में पुलिस ने कुंदन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(5) और 329(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now