फोटो परिचय- प्रतिबंध के बावजूद नगर के भीतर से गुजरता ओवरलोड वाहन।
* एसडीएम के प्रतिबंधात्मक आदेश को वाहन चालक दिखा रहे ठेंगा
* प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर खुलेआम हो रही नियमों की अनदेखी
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। नगर को जाम की समस्या से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन की ओर से लागू की गई नो एंट्री व्यवस्था महज कागजों तक सिमटती नजर आ रही है। उपजिलाधिकारी द्वारा भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बावजूद तीसरे दिन भी कस्बे की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही बदस्तूर जारी रही। इससे प्रशासनिक आदेशों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
शुक्रवार को किशनपुर रोड चौराहे से लेकर जीटी रोड स्थित कोतवाली और कस्बा चौकी के सामने तक भारी वाहन बेरोकटोक गुजरते दिखाई दिए। गिट्टी से लदे ओवरलोड वाहनों ने प्रतिबंधित मार्गों पर फर्राटा भरकर नो एंट्री व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी।
हैरानी की बात यह है कि जिन मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है, वहां निगरानी और रोकथाम के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी नजर नहीं आई। ऐसे में वाहन चालक बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रतिबंधित वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो नगरवासियों को जाम और दुर्घटनाओं के खतरे से निजात मिलना मुश्किल है। अब देखना यह है कि प्रशासन अपने ही आदेश को धरातल पर लागू कराने के लिए कब सख्त कदम उठाता है।




