फोटो परिचय-  भाजपा नेत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साहू।

– संगठन में दो दशक से सक्रिय रहकर बनाई राजनीतिक पहचान, महिला नेतृत्व का भी मिल सकता है लाभ

– सामाजिक संपर्क, शिक्षा और सेवा कार्यों के सहारे भाजपा के टिकट की दौड़ में नाम आने की चर्चा

REPORT – MOHSIN KHAN

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही जिले की सियासत में संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म होने लगा है। छह विधानसभा क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए विभिन्न दलों के नेता सक्रिय हैं। भाजपा में भी टिकट को लेकर दावेदारों ने संगठन और जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी बीच सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साहू का नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में राजनीतिक चर्चाओं में शामिल होने लगा है।

दरअसल, सदर सीट पर भाजपा के भीतर कई नेताओं की नजर है। पूर्व विधायक विक्रम सिंह सहित अन्य राजनीतिक चेहरे अपनी-अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय बताए जा रहे हैं। ऐसे में पार्टी यदि आगामी चुनाव में जातीय समीकरणों और सामाजिक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देती है तो पिछड़े वर्ग से आने वाली डॉ. विजयलक्ष्मी साहू की दावेदारी को भी अहम माना जा सकता है।

डॉ. विजयलक्ष्मी साहू की राजनीतिक यात्रा की बात करें तो वह वर्ष 2005 से भाजपा से जुड़कर संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी निभाती आ रही हैं। लंबे समय तक पार्टी के साथ जुड़े रहने और विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के कारण संगठन में उनकी अपनी पहचान बनी है। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी पृष्ठभूमि और सामाजिक कार्यों में सक्रियता भी उनकी पहचान का हिस्सा है।

उनकी दावेदारी के पीछे साहू समाज का सामाजिक समीकरण भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावा अन्य वर्गों के बीच जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने का दावा भी उनकी राजनीतिक ताकत के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। महिला नेतृत्व के रूप में उनकी मौजूदगी भाजपा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प बन सकती है।

राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के सामने प्रत्याशी चयन के दौरान कई पहलुओं को ध्यान में रखने की चुनौती होगी। इनमें जातीय समीकरण, संगठन के प्रति समर्पण, स्थानीय स्तर पर लोकप्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता प्रमुख रहेंगे। यदि पार्टी पिछड़े वर्ग के साथ महिला प्रतिनिधित्व को भी साधने का प्रयास करती है तो डॉ. विजयलक्ष्मी साहू का नाम चर्चा से आगे बढ़कर संभावित दावेदारी के केंद्र में आ सकता है।

हालांकि भाजपा की ओर से अभी सदर विधानसभा सीट के लिए किसी प्रत्याशी के नाम का संकेत या आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल राजनीतिक अटकलों का दौर जारी है। ऐसे में आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी पुराने राजनीतिक चेहरों पर भरोसा जताती है या सामाजिक समीकरणों को नया आकार देते हुए किसी नए चेहरे को चुनावी मैदान में उतारती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now