फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी।

– धान खरीद में कटौती और मंडियों में अवैध वसूली का मुद्दा उठाया, आंदोलन की दी चेतावनी

– राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री के नाम डीएम को सौंपे मांगपत्र, किसानों को राहत देने की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। किसानों की आर्थिक बदहाली, कृषि उपज का उचित मूल्य न मिलने और सरकारी खरीद केंद्रों पर कथित अनियमितताओं के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने शुक्रवार को मोर्चा खोल दिया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। किसानों ने सरकार से लंबित मांगों को पूरा करने के साथ मंडियों और धान खरीद केंद्रों में चल रही कथित मनमानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस संबंध में राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को संबोधित अलग-अलग ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजे गए।

भाकियू नेताओं ने कहा कि खेती-किसानी से जुड़े लोगों की समस्याओं को लेकर कई बार आवाज उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस परिणाम सामने नहीं आए हैं। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने, कृषि श्रमिकों के लिए उचित मेहनताना तय करने, बुजुर्ग किसानों को पेंशन देने, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और कर्ज के बोझ से राहत दिलाने जैसी मांगें लगातार अनदेखी की जा रही हैं। नेताओं ने केंद्र सरकार की ओर से नौ दिसंबर 2021 को किसानों से किए गए लिखित समझौतों और आश्वासनों को लागू कराने की भी मांग उठाई।

जिलास्तरीय समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को भेजे गए मांगपत्र में सब्जी मंडियों की अव्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिलाया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि खागा की नवीन सब्जी मंडी में मटर और अन्य सब्जियां बेचने पहुंचने वाले किसानों से तीन प्रतिशत तक अवैध वसूली की जा रही है। इसे तत्काल बंद कराने के साथ सड़क पर दुकानें लगाकर यातायात प्रभावित करने वाले आढ़तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

भाकियू ने फतेहपुर के लोधीगंज और बिंदकी में सरकारी सब्जी मंडी स्थापित करने तथा नउवाबाग से बिलंदा के बीच हाईवे किनारे मंडी का निर्माण कराने का प्रस्ताव भी रखा। धान खरीद केंद्रों पर किसानों की उपज की तौल के समय दो प्रतिशत तक कटौती किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि सरकारी केंद्रों पर किसानों के बजाय व्यापारियों के धान को प्राथमिकता दी जा रही है। संगठन ने खरीद प्रक्रिया पारदर्शी बनाने और किसानों को पूरी उपज का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। इसके अलावा बिंदकी तहसील में गन्ना मिल स्थापित करने का मुद्दा भी उठाया गया।

ज्ञापन में प्राकृतिक आपदाओं से फसल बर्बाद होने पर पर्याप्त मुआवजा, किसानों की जमीन और आजीविका की सुरक्षा, कर्ज से राहत, वृद्धावस्था पेंशन तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था करने की मांग शामिल रही। साथ ही मतदाता सूची में नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा किए जाने की बात भी रखी गई।

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष नवल सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष यूसुफ तबरेज, देवनारायण पटेल, दीपू मिश्रा, नागेंद्र यादव समेत संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now