फोटो परिचय- जिला कारागार का निरीक्षण कर बाहर निकलतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– डीएम और एसपी ने बैरकों से लेकर रसोईघर तक का किया निरीक्षण
– सुरक्षा, स्वच्छता और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं पर दिए आवश्यक निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिला कारागार की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और बंदियों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से जेल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से जेल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सबसे पहले बंदियों की बैरकों का जायजा लिया। इसके बाद जेल परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा इंतजाम, भोजन की गुणवत्ता और बंदियों को मुहैया कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की पड़ताल की। अधिकारियों ने कारागार में रखे विभिन्न अभिलेखों का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
दोनों अधिकारियों ने जेल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि बंदियों के साथ निर्धारित नियमों के अनुरूप व्यवहार किया जाए और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की कटौती न होने पाए। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के साथ ही साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी और व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक समेत कारागार के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




