– एसपी ने सभी वांछितों पर घोषित किया 25-25 हजार रुपये का इनाम

– महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज, वाराणसी में तैनात पुलिसकर्मी का नाम भी शामिल

 

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जमीन के विवाद को लेकर तहसील परिसर के बाहर हथियारों की नुमाइश कर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले पांच आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इस प्रकरण में वाराणसी में तैनात एक पुलिसकर्मी का नाम भी सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को नई तहसील के मुख्य द्वार के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो में एक पक्ष के लोग राइफल और पिस्टल जैसे लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन करते दिखाई दिए थे। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव के रहने वाले हैं और आपस में एक ही परिवार से जुड़े हैं। उनके बीच काफी समय से जमीन को लेकर तनातनी चल रही थी।

बताया गया कि भूमि विवाद के निस्तारण के लिए दोनों पक्षों को राजस्व अधिकारियों के सामने अपने-अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। इसी सिलसिले में दोनों पक्ष तहसील पहुंचे थे। आरोप है कि तहसील से बाहर निकलते ही उनके बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। इस दौरान प्रमोद तिवारी, उसके पुत्र प्रांजल तिवारी और आयुष तिवारी पर लाइसेंसी हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन करने के साथ मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं।

घटना के बाद पीड़ित महिला रेखा तिवारी ने कोतवाली नगर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में कुल पांच लोगों को नामजद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सभी पांचों आरोपी फिलहाल वांछित हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्रत्येक आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल कर सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाने के मामले को हल्के में नहीं लिया जाएगा। आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now