– संचालक के खिलाफ थाने में दी तहरीर

CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। तहसील क्षेत्र के थाना सुल्तानपुर घोष अंतर्गत प्रेमनगर कस्बे में बिना रजिस्ट्रेशन व मान्यता के संचालित रुद्र पॉलीक्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्यवाही की। सीएमओ के निर्देश पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक की जांच पड़ताल की। टीम को मौके पर कोई वैध कागज, पंजीकरण प्रमाण पत्र या चिकित्सकीय योग्यता से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले। क्लीनिक के संचालक द्वारा मरीजों का उपचार बिना किसी अधिकृत अनुमति के किया जा रहा था।
जांच टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद लगातार निगरानी रखी जा रही थी। मौके पर जांच में क्लीनिक संचालन पूरी तरह अवैध पाया गया। जिस पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल पॉलीक्लीनिक को सीज कर दिया। टीम ने वहां मौजूद उपकरणों, दवाइयों और रजिस्टरों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दस्तावेज जब्त किए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित संचालक के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर थाना सुल्तानपुर घोष को सौंप दी। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि बिना पंजीकरण व बिना योग्यता के इलाज करना गंभीर अपराध है, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा मंडराता है। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बिना मान्यता प्राप्त अस्पतालों या क्लिनिक में उपचार न कराएं और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now