CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना पुलिस ने एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने दो युवकों से कुल 22850 रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने एनसीआरपी साइबर शिकायतों के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को खेत में मचान के पास से दबोचा।
आरोपी रामनरेश निषाद पुत्र प्रेमचन्द्र निषाद निवासी ग्राम स्याहीपुर थाना पिड़ौरा जनपद आगरा है। उसने प्रयागराज के दीपांजल शुक्ला और जयपुर राजस्थान के यश शर्मा को इंडिगो एयरलाइंस में अधिकारी के पद पर नौकरी दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने खुद को इंडिगो एयरलाइंस का अधिकारी बताते हुए फॉर्म भरने और अन्य फीस के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए पैसे ऐंठे और फर्जी जॉइनिंग लेटर भी भेजा। 15 मार्च को दोनों पीड़ितों की साइबर शिकायत (एनसीआरपी संख्या 33103260054666 और 32703260024706) मिलने पर पुलिस ने मोबाइल नंबर 8817134846 और 9568595286 की लोकेशन ट्रेस की। जो ग्राम महावतपुर असहट थाना किशनपुर में आ रही थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नंबर पर कॉल करने पर आरोपी के मोबाइल पर रिंग बजने लगी। संदेहास्पद व्यक्ति से पूछताछ पर उसने अपना नाम रामनरेश निषाद बताया और स्वीकार किया कि यह नंबर वह ब्लैक में मध्य प्रदेश से खरीदा था। फोन की आईएमईआई नंबर चेक करने पर वह साइबर शिकायतों से मेल खाते पाए गए। थाना किशनपुर में मुकदमा संख्या 64/2026 धारा 338/336(3)/318(4)/319(2) बीएनएस तथा 66 डी आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आदर्श सिंह, कांस्टेबल राजेश तिवारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now