– संपत्ति से बेदखल कर बुजुर्ग दंपति ने तोड़ा नाता
CITY NEWS FATEHPUR
बिन्दकी, फतेहपुर(CNF)। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डीघ में रिश्तों के कत्ल और बुजुर्गों के उत्पीड़न का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। अपनी ही बहू के कथित दुव्र्यवहार और बेटे की बेरुखी से आजिज आकर एक वृद्ध माता-पिता ने बेहद कठोर कदम उठाया है। पीड़ित दंपति ने अपने बेटे और बहू को चल-अचल संपत्ति से बेदखल करते हुए जिलाधिकारी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ग्राम डीघ निवासी सुरेश कुमार द्विवेदी और उनकी पत्नी गायत्री देवी आंगनबाड़ी सहायिका ने बताया कि उन्होंने अपने बड़े पुत्र दीपराज द्विवेदी का विवाह मार्च 2024 में बिना किसी दहेज के संपन्न कराया था। शादी के खर्च और बहू के जेवर बनवाने के लिए बुजुर्ग दंपति ने अपनी सीमित खेती पर बैंक से कर्ज लिया था, जिसका दो लाख का ऋण वे आज भी चुका रहे हैं। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही बहू रागिनी ने ग्रामीण परिवेश में रहने से इनकार कर दिया और सास-ससुर के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। पीड़ित पिता के अनुसार, विवाद बढ़ने पर बेटे-बहू को अलग कर दिया गया, जिसके बाद वे कानपुर में रहने लगे। आरोप है कि वहां से भी बहू ने बेटे के माध्यम से दबाव बनाया कि माता-पिता अपने हिस्से के गहने और खेती की जमीन उसके नाम कर दें। मांग पूरी न होने पर पूरे परिवार को दहेज व अन्य झूठे मुकदमों में फंसाकर बर्बाद करने की धमकी दी जा रही है। सुरेश कुमार ने सिसकते हुए बताया कि बहू के खौफ और लगातार हो रहे अपमान के कारण वे अपने मुख्य घर को छोड़कर दूसरे स्थान पर एक टीन शेड के नीचे रहने को मजबूर हैं। लगातार हो रहे मानसिक और शारीरिक शोषण से क्षुब्ध होकर सुरेश कुमार और उनकी पत्नी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर स्पष्ट कर दिया है कि वे अब अपने पुत्र दीपराज और बहू रागिनी से किसी प्रकार का संबंध नहीं रखना चाहते। उन्होंने सार्वजनिक रूप से दोनों को अपनी समस्त चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया है। दंपति ने प्रशासन से अपनी जान-माल की रक्षा सुनिश्चित करने और इस संबंध में आदेश पारित करने की मार्मिक अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now