CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने गुरुवार को तहसीलवार ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यों में शिथिलता मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए बीडीओ विजयीपुर, बीडीओ बहुआ और एआर कोऑपरेटिव के अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और खंड विकास अधिकारियों से ग्रामसभा स्तर पर फॉर्मर रजिस्ट्री और जनगणना संबंधी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि डीडीएजी द्वारा उपलब्ध कराई गई ग्रामसभा वार सूची के अनुसार सभी एसडीएम लेखपालों के साथ नियमित समीक्षा करें और कार्य में तेजी लाएं। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विकास खंडों में मृतकों के मृत्यु प्रमाणपत्र संकलित कर संबंधित तहसीलदार को सूची उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी बीडीओ मृतकों की सूची सीधे डीडीएजी को नहीं देगा, बल्कि समस्त सूची संबंधित तहसीलदार को ही सौंपी जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने ब्लॉकवार मृतकों की संख्या की भी जानकारी ली और कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तल्लीनता और ईमानदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
