समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नारे ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ पर तंज कसते हुए कहा कि इससे साफ है कि पार्टी का चुनाव चिह्न ‘कमल’ मुरझा गया है और उसे फिर से खिलाने की जरूरत पड़ रही है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बयान में कहा था कि समाजवादी पार्टी के जो नेता पहले ‘जय श्री राम’ बोलने से कतराते थे, वे अब ‘राधे-राधे’ सुनकर असहज हो जाते हैं। अखिलेश ने मौर्य के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “मैं उन्हें (मौर्य को) अपनी जिंदगी में कभी अपने घर नहीं बुलाऊंगा।

आपको (भाजपा को) इसे फिर से खिलाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? इसका मतलब है कि यह (कमल) मुरझा चुका है।” अखिलेश ने भाजपा पर धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा धार्मिक कथाओं और प्रवचनों के खिलाफ नहीं है, लेकिन हिंदू देवी-देवताओं के बारे में की गई विवादित टिप्पणियों पर पार्टी को आपत्ति है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने किसी का नाम लिए बिना कहा, “समाजवादी पार्टी कथा के खिलाफ नहीं है। लेकिन भगवान श्रीराम के पिता के बारे में क्या कहा गया और हमारे भगवान कृष्ण के बारे में क्या टिप्पणियां की गईं? ये वही भाजपा के लोग हैं, जिन्होंने एक बार अपने कार्यक्रम में भगवान हनुमान को नचाया था।” उन्होंने कहा, “क्या आप भगवान राम के पिता के बारे में ऐसी बातें कह सकते हैं?

आप ही बताइए, अगर हमारे बीच से कोई ऐसा बयान दे दे, तो क्या होगा?” अखिलेश ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को हाल में कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान राम और भगवान कृष्ण के बारे में की गई कथित विवादित टिप्पणियों से जोड़कर देखा जा रहा है। शास्त्री उत्तर प्रदेश के कुंडा में रामकथा करने पहुंचे थे। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों के मामले में भारत 170 देशों से आगे है।

सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एक साल के भीतर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में करीब 82 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि अर्जुनगंज की घटना से प्रभावित परिवार को सहायता देने में सरकार ने भेदभाव किया, क्योंकि वह पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समुदाय से है। उन्होंने गोरखपुर में हाल में हुई एक दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चे के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि वह खुद परिवार से मिलने पहुंच गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई तथा तनाव उत्पन्न हुआ।

सपा प्रमुख ने कहा, “बच्चे के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। यह घटना माता-पिता दोनों के लिए बेहद दर्दनाक है। लेकिन स्थिति को सबसे ज्यादा कौन बिगाड़ रहा है?

मुख्यमंत्री खुद वहां जाकर ऐसा कर रहे हैं।” अखिलेश ने भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा, “वे इसलिए परेशान हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि वे चुनाव हार रहे हैं। इस बार गोरखपुर और आसपास के इलाकों से भाजपा का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now