जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो गई है। इस बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष और उमेश कुशवाहा को बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी गई है। बैठक के बाद मंत्री मदन सहनी ने मीडिया को बताया कि उमेश कुशवाहा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर काम करते रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नीतीश कुमार करेंगे बिहार का दौरा

मदन सहनी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद नीतीश कुमार जल्द ही पूरे बिहार के दौरे पर निकलेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्य के अलग-अलग इलाकों में जाकर सरकार और पार्टी संगठन के कामकाज की समीक्षा करना है। इसके साथ ही, वे सीधे आम जनता से बातचीत करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उनके सुझाव भी लेंगे।

 

निशांत की सक्रियता से जेडीयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना सभी कार्यकर्ताओं के लिए बेहद खुशी की बात है। इस बैठक में नीतीश कुमार के बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कार्यकर्ताओं का जोश दोगुना हो गया है।

 

पिताजी के 20 सालों के कामों को जनता तक पहुंचाना है

बैठक में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा, “हमने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उमेश कुशवाहा के नाम का समर्थन किया है। जेडीयू एक समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष पार्टी है, जो कार्यकर्ताओं के दम पर चलती है। हमारा लक्ष्य पार्टी को और मजबूत करना है और पिछले 20 सालों में पिताजी द्वारा किए गए विकास कार्यों को राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाना है।”

 

निशांत कुमार जेडीयू के भविष्य हैं

निशांत कुमार की राजनीति में इस सक्रियता का पार्टी नेताओं ने खुलकर स्वागत किया है। राज्य सरकार में मंत्री लेशी सिंह ने बताया कि बैठक के पहले सत्र में राज्य परिषद और दूसरे सत्र में राष्ट्रीय परिषद ने नीतीश कुमार के नाम को मंजूरी दी। उन्होंने निशांत कुमार की तारीफ करते हुए कहा, “नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम करना हमारे लिए गर्व की बात है। निशांत कुमार हमारी पार्टी के भविष्य हैं और उनके सक्रिय होने से जेडीयू आगे चलकर और ज्यादा मजबूत होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now