बॉलीवुड के मंझे हुए अभिनेता पंकज त्रिपाठी और खूबसूरत अदाकारा अदिति राव हैदरी अपनी आगामी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ (Parivarik Manoranjan) को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म का मजेदार ट्रेलर रिलीज किया गया है, जिसमें दोनों सितारों की अनोखी केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। फिल्म में अदिति एक ऐसी हाउस हेल्प के रोल में नजर आ रही हैं, जिसके पंकज त्रिपाठी के घर कदम रखते ही हंसी, उलझन और अचानक चौंकाने वाली घटनाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है।
मिस्ट्री, रोमांस और कॉमेडी का तड़का
ट्रेलर में अदिति राव हैदरी ‘हेलेन’ नाम की एक हाउस हेल्प और प्रॉपर्टी मैनेजर की भूमिका में दिखाई दे रही हैं। वह इलाके के सबसे ‘एलिजिबल बैचलर’ रंजन दुबे (पंकज त्रिपाठी) के घर काम करने आती हैं। हेलेन का रंजन के घर में रहना पूरे मोहल्ले में गपशप का मुख्य विषय बन जाता है, कुछ पड़ोसी जहां दोनों के साथ रहने पर उंगली उठाते हैं, वहीं कुछ लोग घर को बेहतरीन ढंग से संभालने के लिए हेलेन की तारीफ करते हैं।
कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब यह संकेत मिलता है कि हेलेन एक दोहरी जिंदगी जी रही है। इसी बीच ‘मनु जोशी’ नाम के शख्स की तलाश में पुलिस वहां आ धमकती है और रंजन के परिवार व दोस्तों का शक हेलेन पर गहराने लगता है, जबकि वह खुद को बेकसूर बताती रहती है। इस पूरे ड्रामे और कन्फ्यूजन के बीच रंजन अपनी जिंदगी की कमान खुद संभालने की ठानता है और कहता है, “बहुत हुआ ‘बीटा’ बनकर रहना, अब ‘अल्फा’ बनने का समय आ गया है।”
