CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर।(CNF)।हसवा विकासखंड के थाना थरियांव क्षेत्र स्थित ग्राम मीसा के ग्रामीणों ने पेयजल और बिजली की गंभीर समस्या को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से सोलर पैनल चोरी होने तथा गांव को पर्याप्त बिजली न मिलने की समस्या उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी का संचालन सोलर पैनलों के माध्यम से किया जाता था। बीती 22 जून 2026 की रात टंकी से 12 सोलर पैनल चोरी हो गए थे, जिसकी शिकायत थरियांव थाने में की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 12 जुलाई 2026 की रात फिर 11 सोलर पैनल चोरी हो गए। अगले दिन ग्रामीणों ने तलाश की तो गांव के बाहर तालाब में सोलर पैनल पड़े मिले। लगातार हो रही चोरी के कारण पानी की टंकी का संचालन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में मांग की कि चोरी हुए सोलर पैनलों की बरामदगी कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि पैनल बरामद नहीं होते हैं तो वैकल्पिक व्यवस्था कर जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल कराई जाए।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने गांव की बिजली व्यवस्था को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि वर्तमान में गांव की विद्युत लाइन असोथर फीडर से जुड़ी है, जहां अधिक गांव जुड़े होने और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती। इससे ट्यूबवेल और समरसेबल नहीं चल पाते, जिससे धान की रोपाई सहित कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि ग्राम मीसा की विद्युत लाइन को असोथर फीडर से हटाकर नजदीकी फरीदपुर फीडर से जोड़ा जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को निर्बाध बिजली कराने की मांग की गई है। इस मौक़े पर धर्मराज छेददू श्रीकांत राज नरेश बड़का सहित अन्य ग्रामवासी मौजूद रहे।
