अवैध पैथोलाजी सेंटर के संचालक को नोटिस थमाती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
– नौ संस्थानों को थमाई नोटिस
CITY NEWS FATEHPUR
धाता, फतेहपुर(CNF)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने धाता थाना पुलिस के सहयोग से क्षेत्र में संचालित अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान छह क्लीनिक एवं तीन पैथोलॉजी केंद्रों की जांच की गई, जिनके संचालन में आवश्यक अभिलेख एवं मानकों की कमी पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों का पालन किए बिना संचालित होने वाले क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी केंद्रों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान संबंधित संचालकों से पंजीकरण प्रमाणपत्र, चिकित्सकों की योग्यता संबंधी अभिलेख तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब एवं आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य संस्थानों का ही चयन करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now