बिना नंबर प्लेट के बांदा-सागर मार्ग पर फर्राटा भरता ओवरलोड ट्रक।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में ओवरलोड मौरंग वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के प्रशासनिक दावे धरातल पर कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं। राधानगर थाना क्षेत्र के बांदा सागर मार्ग पर मौरंग से लदे ओवरलोड ट्रक और डंपर दिन-रात बेखौफ फर्राटा भर रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि कई वाहनों की नंबर प्लेट या तो गायब रहती है या फिर उसमें इस तरह से छेड़छाड़ की गई है कि वाहन की वास्तविक पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इससे न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
जिलाधिकारी द्वारा अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के निर्देश जारी किए जा रहे हैं, लेकिन बांधा सागर मार्ग पर गुजर रहे भारी वाहनों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि इन आदेशों का कोई खास असर नहीं दिखाई दे रहा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक मौरम लादकर वाहन खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं और जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ओवरलोड वाहनों की वजह से सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इसके साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। यदि किसी हादसे की स्थिति में वाहन की नम्बर प्लेट स्पष्ट न हो तो उसकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई करना भी चुनौती बन जाता है। यही कारण है कि नम्बर प्लेट से छेड़छाड़ कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत नम्बर प्लेट में छेड़छाड़ करना दंडनीय अपराध है, फिर भी ऐसे वाहन बिना किसी रोक-टोक के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे परिवहन, खनन और पुलिस विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि जब खुलेआम नियमों की अनदेखी हो रही है तो संबंधित विभागों की नजर इन वाहनों पर क्यों नहीं पड़ रही। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बांधा सागर मार्ग पर विशेष अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों की जांच की जाए, नम्बर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, ताकि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now