– राज्यमंत्री कृष्णा पासवान व भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने यात्रियों का किया सम्मान

– पूर्वी बाईपास से नगर भ्रमण करते हुए पश्चिमी बाईपास स्थित यशराज रिसार्ट पहुंची यात्रा

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी से गुजरात के बड़नगर तक निकाली गई संकल्प यात्रा शनिवार को खागा पहुंची। काशी विश्वनाथ धाम से पवित्र गंगाजल लेकर बाइक सवारों के नगर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान नगर का माहौल उत्सव जैसा नजर आया और यात्रियों के सम्मान में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

संकल्प यात्रा के खागा पहुंचने की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह की नगरी खागा में यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए उन्हें माला पहनाई और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

काशी से गंगाजल लेकर निकले बाइक सवारों का काफिला पूर्वी बाईपास से नगर में प्रवेश कर विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। यात्रा को देखने और यात्रियों का स्वागत करने के लिए जगह-जगह कार्यकर्ताओं एवं लोगों में उत्साह दिखाई दिया। इसके बाद यात्रा पश्चिमी बाईपास स्थित यशराज रिसार्ट पहुंची, जहां यात्रियों के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था की गई।

यात्रियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी स्थित बाबा काशी विश्वनाथ धाम से पवित्र गंगाजल लेकर बाइक के माध्यम से गुजरात के बड़नगर तक पहुंचने का संकल्प लिया गया है। यात्रा का उद्देश्य विभिन्न राज्यों से होकर गुजरते हुए निर्धारित गंतव्य तक पहुंचना है।

इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। यात्रा के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now