फोटो परिचय- किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर धरना देते किसान मजदूर मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
– किसान आयोग को संवैधानिक दर्जा देने की मांग, खाद-बीज सस्ते करने और पेंशन पांच हजार रुपये करने पर जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। किसानों और मजदूरों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किसान मजदूर मोर्चा ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के समक्ष अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय मांगपत्र भेजकर कृषि लागत घटाने, सामाजिक सुरक्षा बढ़ाने और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
मोर्चा ने किसान आयोग का गठन कर उसे संवैधानिक दर्जा देने के साथ पशुपालन को कृषि का दर्जा देने की मांग की। गाय, भैंस, बकरी और भेड़ पालने वाली महिलाओं को भी किसान सम्मान निधि की तर्ज पर आर्थिक सहायता देने तथा किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को पूरा करने की बात कही गई।
ज्ञापन में खाद, कीटनाशक और कृषि उपकरणों की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। मोर्चा ने यूरिया 150 रुपये प्रति बोरी, डीएपी 600 रुपये प्रति बोरी, कीटनाशक दवाओं और जैविक खाद की कीमत आधी करने तथा ट्रैक्टर व कृषि यंत्र रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इसके अलावा किसान-मजदूरों का स्वास्थ्य बीमा पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने, गंभीर बीमारियों में बेहतर उपचार की व्यवस्था और उनके बच्चों के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण कोटा निर्धारित करने की मांग की गई। वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
मोर्चा ने थानों में गरीबों की शिकायतों पर बिना अवैध वसूली के एफआईआर दर्ज करने और कथित धन उगाही पर रोक लगाने की मांग भी सरकार के सामने रखी।
धरने में जिलाध्यक्ष राजू विश्वकर्मा, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सदाशिव विश्वकर्मा, श्रीपाल, डा. नन्दलाल, रामलाल पासवान, इन्द्रपाल, गंगा देवी, हरीलाल, बुद्धसेन, फूलचन्द्र, रंजीत, मोतीलाल, बंशीलाल, शांती देवी, विमला और सूरजकली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

