– 16 जुलाई से 10 अगस्त तक कराएं ऑनलाइन बुकिंग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। प्रदेश सरकार ने किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एनएमएएम) के तहत किसान अब कृषि ड्रोन, फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, फसल अवशेष प्रबंधन यंत्र, दाल मिल, मिलेट प्लांटर, स्प्रेयर समेत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जो 10 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक चलेगी।
उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने बताया कि योजना के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन, फसल अवशेष प्रबंधन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम, दलहन मिशन तथा फसल विविधीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, बैच ड्रायर, पॉपिंग मशीन, मक्का शेलर, मिलेट प्लांटर, मानव चालित एवं पावर चालित स्प्रेयर, बखारी और दाल मिल सहित अन्य यंत्रों का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों की बुकिंग विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन की जाएगी। विकास खंड स्तर पर आवेदन किए जाएंगे, जबकि एग्रीगेटर (100 लाख रुपये परियोजना) और सेल्फ प्रोपेल्ड शुगरकेन हार्वेस्टर के लिए राज्य स्तर पर ऑनलाइन आवेदन होंगे। उप कृषि निदेशक ने किसानों से अपील की है कि बुकिंग के दौरान केवल स्वयं या रक्त संबंधी का मोबाइल नंबर ही प्रयोग करें। अन्य मोबाइल नंबर का उपयोग करने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है। योजना, पात्रता, अनुदान और बुकिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। किसान अधिक जानकारी के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now