नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते भाकियू महात्मा टिकैत के पदाधिकारी।
– एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा नौ सूत्रीय ज्ञापन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले के किसानों के साथ-साथ विद्यार्थियों की मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के पदाधिकारियों ने गुरूवार को नई तहसील परिसर में धरना देकर अपनी आवाज बुलंद की तत्पश्चात एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को नौ सूत्रीय ज्ञापन भेजकर सभी मांगों को पूरा किए जाने की आवाज उठाई।
भाकियू महात्मा टिकैत के जिलाध्यक्ष मधुसूदन तिवारी की अगुवई में धरना शुरू हुआ। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने किसानों व विद्यार्थियों की मांगों को दोहराया, तत्पश्चात नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रपति से मांग किया कि एमएसपी को कानूनी गारंटी प्रदान करने वाले कानून को तत्काल लागू किया जाए, खाद किसानों को पर्याप्त मात्रा व निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाए, जिले में हो रही अघोषित एवं अत्यधिक बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए, नहरों एवं रजबहों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए, अन्ना पशुओं, नीलगायों व बंदरों के कारण फसलें बर्बाद हो रही हैं जिससे इस पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, खाद, बीज, सिंचाई के पानी व कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले आवश्यक संसाधनों को किसानों के लिए सुलभ व किफायती बनाया जाए, सरकारी समितियों के जिन सचिवों का कार्यकाल दस वर्ष हो चुका है उनको नियमानुसार अन्य समितियों में स्थानांतरण किया जाए, दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज व बर्बरतापूर्ण व्यवहार की निंदा करते हुए दोषी अधिकारियों के विरूद्ध उचित कार्रवाई की जाए, सरकार विद्यार्थियों से सार्वजनिक माफी मांगे, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने होने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कानून बनाया जाए। साथ ही जिन विद्यार्थियों ने अपनी जान गंवाई है उनके परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। यदि इन मांगों का 27 जुलाई तक समाधान न किया गया तो किसान यूनियन महात्मा टिकैत आंदोलन के लिए विवश हो जाएगी। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। इस मौके पर तमाम किसान भी मौजूद रहे।
