कोट गांव में आयोजित दंगल में कुश्ती लड़ते पहलवान।

– मेले में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, कुश्ती मुकाबलों ने बढ़ाया रोमांच

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। धाता विकास खंड के कोट गांव में आयोजित मेला और दंगल ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र रहा। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे। बच्चों और महिलाओं के लिए लगी दुकानों पर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। मेले के साथ आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने दमखम और कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

अखाड़े में नसीरपुर, डढ़िया, दरियापुर और कोट गांव के पहलवानों ने हिस्सा लिया। मुकाबला शुरू होते ही पहलवानों ने एक-दूसरे को चित करने के लिए दांव-पेच आजमाने शुरू कर दिए। कई कुश्तियां काफी देर तक चलीं और पहलवानों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। जैसे ही कोई पहलवान प्रतिद्वंद्वी को पटखनी देने के करीब पहुंचता, दर्शकों का उत्साह और बढ़ जाता।

दंगल देखने के लिए अखाड़े के आसपास ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के जरिए पहलवानों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम के आयोजक मतीन खान ने विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि राशिद बीडीसी, पत्रकार जमाल आय्यूब कोटी, रियाजत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now