– मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भिटौरा विकास खण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत जगतपुर आदिल में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। गांव निवासी शिवम दिवाकर पुत्र रामचन्द्र दिवाकर ने उचित दर विक्रेता शिवसहाय पर कम तौलकर राशन वितरण करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता शिवम दिवाकर का आरोप है कि कोटेदार द्वारा राशन वितरण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक कांटे अथवा मानक बाटों का उपयोग नहीं किया जाता, बल्कि बाल्टी के माध्यम से राशन तौला जाता है। इससे लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन मिल रहा है। आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के कारण गांव के कई राशन कार्ड धारकों को नियमित रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह प्रक्रिया सार्वजनिक वितरण प्रणाली के निर्धारित नियमों के विपरीत है। पात्र लाभार्थियों के अधिकारों का हनन करती है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, राशन वितरण में कम तौल की शिकायतों की सत्यता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now