CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में उपखनिजों के अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन द्वारा जनपद, तहसील और थाना स्तर पर टास्क फोर्स टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार सक्रिय रहकर अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों एवं टास्क फोर्स टीमों को प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय कलेक्ट्रेट में 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक लैण्डलाइन नंबर 05180-298632 तथा सीयूजी नंबर 9454417876 पर किसी भी समय शिकायत दर्ज करा सकते हैं या सूचना दे सकते हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या उपखनिजों का अवैध परिवहन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें। प्राप्त सही सूचना पर जनपदीय, तहसील स्तरीय एवं थाना स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
