फोटो परिचय- असोथर क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– शरीर पर चोटों के निशान मिलने से गहराया संदेह
– एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के दिए निर्देश
– हत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस, खुलासे के लिए गठित की गईं टीमें
विनय त्रिवेदी “बीनू”
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। असोथर थाना क्षेत्र के सातोपीत गांव के मजरे गड़ेरिया में खेत की रखवाली कर रहे करीब 65 वर्षीय सीताराम की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। खेत में बनी कोठरी से उनका शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मामला गंभीर हो गया है। सूचना पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक, सीताराम गांव से करीब 150 मीटर दूर स्थित अपने खेत की कोठरी में रात के समय सोते थे। वहीं उनका शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
एसपी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
चोटों के निशान से उठे सवाल
खेत की कोठरी में बुजुर्ग का शव मिलने और शरीर पर चोटों के निशान पाए जाने से हत्या की गुत्थी उलझ गई है। वारदात के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए साक्ष्यों से अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
