CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के खुसरूपुर घाट पर गंगा में स्नान करते समय डूबे 18 वर्षीय युवक रवि कुमार का शव शाम बलखंडी घाट पुल के नीचे से बरामद कर लिया गया।
बताते चलें कि रवि कुमार पुत्र ओमप्रकाश रैदास निवासी ग्राम नेवादा थाना थरियांव छह अगस्त को अपनी मौसी के घर ग्राम खुसरूपुर आया था। शाम करीब तीन बजे रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। 12वीं वाहिनी पीएसी के बाढ़ राहत दल ने स्टीमर के साथ गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर रात तक युवक का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया। सुबह पीएसी के बाढ़ राहत दल, भिटौरा चैकी इंचार्ज संजीव कुमार और निजी गोताखोरों ने दोबारा सघन तलाशी अभियान शुरू किया। करीब शाम 6ः30 बजे बलखंडी घाट पुल के नीचे रवि का शव बरामद कर लिया गया। परिजनों ने शव की पहचान रवि कुमार के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
