– दो दिन से चल रहा था तलाश अभियान, समोपुर घाट पर मिला शव

– दूसरे किशोर की खोज में जुटी एसडीआरएफ और स्थानीय टीम

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबे दो किशोरों में से एक का शव शुक्रवार को दो दिन बाद हथगाम थाना क्षेत्र के समोपुर घाट के पास बरामद हुआ। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, दूसरे लापता किशोर की तलाश के लिए अभियान जारी है।

जानकारी के मुताबिक, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आलमपुर नरही गांव निवासी पप्पू सेंगर का 14 वर्षीय पुत्र गजराज उर्फ गज्जू और वीरेंद्र पाल का 15 वर्षीय पुत्र पुष्पेंद्र उर्फ कल्लू 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:30 बजे गंगा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद से ही उनकी तलाश की जा रही थी।

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय नाविक भी जुटे थे। शुक्रवार को तलाश के दौरान हथगाम थाना क्षेत्र के समोपुर घाट के पास नाविकों को पुष्पेंद्र का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दो किशोरों के नदी में डूबने की घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुष्पेंद्र का शव मिलने के बाद अब परिजन और ग्रामीण दूसरे किशोर गजराज के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस की निगरानी में उसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now