नौ हापर टिपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते पालिकाध्यक्ष राजकुमार मौर्य।
85.50 लाख की लागत से खरीदे गए वाहनों को पालिकाध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर की सफाई व्यवस्था को रफ्तार देने के लिए नगर पालिका परिषद ने संसाधनों में इजाफा किया है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को और प्रभावी बनाने के लिए 15वें वित्त आयोग की टाइड ग्रांट से खरीदे गए नौ हापर टिपर वाहनों को सोमवार से नगर क्षेत्र में उतार दिया गया। करीब 85.50 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए इन वाहनों के संचालन से घरों से नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष राजकुमार मौर्य एडवोकेट ने सभी नौ वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पालिका के मुताबिक 85 लाख 49 हजार 991 रुपये की धनराशि से खरीदे गए टाटा मैजिक हापर टिपर शहर के अलग-अलग इलाकों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का काम करेंगे। नए वाहनों के जुड़ने से सफाई कर्मियों को भी कूड़ा उठाने में सहूलियत मिलेगी और शहर में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को गति मिलने की संभावना है।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के लिए नियमित कूड़ा उठान बेहद जरूरी है। नए वाहनों के संचालन से सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है। नगर पालिका प्रशासन का लक्ष्य है कि लोगों को घर से ही कूड़ा उठाने की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जमा होने की समस्या कम हो।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी रविन्द्र कुमार, सभासद शादाब अहमद, विनय तिवारी, अरुण कुमार यादव, अतीश पासवान, संजय श्रीवास्तव, सुशील यादव, शाबिर, पवन द्विवेदी, संतोष पटेल, गुड्डू यादव, विवेक नागर, राम सिंह पटेल, शहजाद अनवर, अयाज अहमद, मोहम्मद अहमद, रितिक पाल, आफताब अहमद व मुन्नीलाला मौजूद रहे। इसके अलावा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राजेश कुमार गौड़, केआरओ चन्द्रकार, स्वास्थ्य लिपिक गुलाब सिंह समेत नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

