कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते एनएसयूआई के पदाधिकारी।
– एनएसयूआई ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने शनिवार को जिले सहित पूरे प्रदेश के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव न होने के कारण विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो पा रहा है।
ज्ञापन में एनएसयूआई ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव न होने से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। छात्र प्रतिनिधि न होने के कारण प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप), हॉस्टल आवंटन, पुस्तकालय सुविधाओं तथा परीक्षा परिणामों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का यह भी कहना है कि छात्रसंघ चुनावों पर रोक से युवाओं के नेतृत्व विकास की प्रक्रिया प्रभावित हुई है और सामाजिक व लोकतांत्रिक नेतृत्व तैयार होने में बाधा उत्पन्न हो रही है। ज्ञापन में संगठन ने राज्यपाल से मांग करते हुए कहा कि जनपद सहित सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश के सभी डिग्री कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में तत्काल प्रभाव से छात्रसंघ चुनाव बहाल कराए जाएं। छात्रसंघ चुनाव की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं लिंगदोह समिति की संस्तुतियों के अनुरूप सम्पन्न कराया जाए। विद्यार्थियों की दैनिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी शिक्षण संस्थानों में पारदर्शी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित किया जाए। इस मौके पर प्रदेश महासचिव शुभांशु निषाद, प्रदेश सचिव अभिषेक, हम्माद हुसैन, मो0 अरशान, हशमत, मो0 आरिफ, अफसार खान, नवनीत तिवारी, संजय सिंह, राज सिंह भी मौजूद रहे।
