– खजुहा मेला देखने निकला था रवि, दो दिन बाद बरामद हुआ था शव
– मृतक के भाई ने गांव के ही युवक पर लगाया हत्या कर शव छिपाने का आरोप
– मोबाइल और नकदी गायब होने का भी लगाया आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मलवां थाना क्षेत्र के अल्लीपुर में मेडिकल कॉलेज के समीप झाड़ियों में मिले अज्ञात युवक के शव की आखिरकार पहचान हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भाई ने शव की शिनाख्त बकेवर थाना क्षेत्र के पंचमपुर मजरे जगदीशपुर निवासी रवि के रूप में की। पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, मृतक के भाई ने उसके साथ गए गांव के ही एक युवक पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, राम प्रसाद का पुत्र रवि 27 अक्टूबर को खजुहा मेला देखने के लिए घर से निकला था। उसके साथ गांव का महेन्द्र पुत्र रामकिशोर भी था। इसके बाद रवि अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। इस बीच 29 अक्टूबर को अल्लीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भाई हिमांशु ने शव की पहचान करते हुए बताया कि रवि और महेन्द्र दोनों घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए थे। अगले दिन महेन्द्र घर लौट आया, लेकिन रवि का कोई पता नहीं चला। हिमांशु ने आरोप लगाया कि महेन्द्र ने ही उसके भाई की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया और उसके पास मौजूद नकदी व मोबाइल फोन भी गायब कर दिए।
उधर, पुलिस का कहना है कि युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
