फोटो परिचय-  बैठक में पूर्व सैनिकों को संबोधित करते समिति अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी।

– जमीन के आवंटन और निर्माण को लेकर उठाए सवाल, न्यायालय के फैसले को बताया अहम

– तीन नवंबर को सेना के अधिकारियों से होगी वार्ता, मांग पूरी न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक (सैनिक अस्पताल) के निर्माण में भूमि आवंटन को लेकर उठे विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। जमीन के कथित गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए पूर्व सैनिकों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक में पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले का निष्पक्ष निस्तारण और न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल और आमरण अनशन भी किया जाएगा।

मास्टर वारंट ऑफिसर आरके विश्वकर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सैनिक अस्पताल की जमीन का मामला प्रमुखता से छाया रहा। समिति अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने आरोप लगाया कि सेना की जांच में अस्पताल के लिए निर्धारित भूमि के बजाय दूसरी जगह भवन निर्माण किए जाने की बात सामने आई है। उनके मुताबिक, जिस स्थान पर अस्पताल बनाया गया है, वह कथित तौर पर कचरा डालने के लिए इस्तेमाल होता था, जबकि मिलिट्री लैंड रिकॉर्ड में दर्ज जमीन ही अस्पताल के लिए निर्धारित है।

अध्यक्ष ने बताया कि इस प्रकरण में समिति जिलाधिकारी न्यायालय से मुकदमा जीत चुकी है। न्यायालय के फैसले में मिलिट्री लैंड रिकॉर्ड में दर्ज भूमि को सैनिक अस्पताल की वास्तविक आवंटित जमीन माना गया है। हालांकि, नगर पालिका ने इस निर्णय को चुनौती देते हुए कमिश्नर न्यायालय प्रयागराज में निगरानी याचिका दाखिल कर दी है। इससे विवाद का अंतिम समाधान अभी नहीं हो सका है।

महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने बैठक में जानकारी दी कि तीन नवंबर को सेना के अधिकारियों ने समिति के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। इस दौरान विद्याभूषण तिवारी संबंधित अभिलेखों और कानूनी दस्तावेजों के साथ संगठन का पक्ष रखेंगे। वार्ता एवं सुनवाई के बाद सामने आने वाली स्थिति से चार नवंबर को पूर्व सैनिकों को अवगत कराया जाएगा।

बैठक में पदाधिकारियों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि सैनिकों के हितों और निर्धारित भूमि के अधिकारों से जुड़े इस प्रकरण को किसी भी कीमत पर दबने नहीं दिया जाएगा। न्याय न मिलने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस मौके पर भानु प्रताप सिंह, राजेश शुक्ला, राजकुमार तिवारी, बालकृष्ण अवस्थी, प्रेम सागर शुक्ला, सार्जेंट अनुज शर्मा, कमल पाल, देवेंद्र कुमार शुक्ला, रामराज अवस्थी, धर्मेंद्र पटेल, राधेश्याम गुप्ता और मेड़ी लाल सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now