फोटो परिचय-  पीईटी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स, साथ में एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

– डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की

– नकल रोकने के साथ सुरक्षा, चेकिंग और यातायात प्रबंधन को लेकर दिए सख्त निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की शुचिता बनाए रखने के लिए रविवार को जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, तलाशी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगा। सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में किसी तरह की परेशानी न हो। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

वहीं एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस बल को सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के प्रति सचेत करते हुए मुख्य प्रवेश द्वारों पर सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने देने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही यातायात और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पीईटी परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now