CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। नगर के मुसवापर स्थित तालाब में एक युवक के डूब जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस प्रशासन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। युवक की पहचान सुरेश कुमार, निवासी गांधी पार्क, खागा के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरेश कुमार किसी कारणवश तालाब के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एनडीआरएफ के जवानों द्वारा तालाब में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस प्रशासन भी पूरे अभियान की निगरानी कर रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now