– जानवर चराने निकला था युवक, पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरा
– शव उतराता मिलने पर परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खखरेरू थाना क्षेत्र के सरवन गांव में दो दिन पूर्व तालाब में डूबे युवक का शव सोमवार सुबह पानी में उतराता मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सरवन गांव निवासी झूरी का 35 वर्षीय पुत्र जीतू पासवान दो दिन पूर्व सुबह करीब 10 बजे जानवर चराने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि गांव के समीप तालाब के किनारे पहुंचने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह डूब गया।
शाम तक जीतू के घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने ग्रामीणों के साथ उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह तालाब में शव उतराता दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में मृतक के भाई नरेंद्र ने जानकारी दी।
जीतू पासवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी मैना देवी, छह वर्षीय पुत्र आकाश, चार वर्षीय पुत्र शिवा और सात वर्षीय पुत्री आशा को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
