जीवाईसीयू के वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव बनने पर पूर्व डीएसपी का स्वागत करते लोग।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन (जीवाईसीयू) ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संस्था के वरिष्ठ संरक्षक एवं पूर्व पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शिव स्वरूप को वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है। यह निर्णय राष्ट्रीय महानिदेशक एबी बाबू की अध्यक्षता में आयोजित ऑनलाइन ज़ूम बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
राष्ट्रीय महानिदेशक एबी बाबू ने बताया कि संस्था शीघ्र ही जनपद के राजकीय इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के लिए खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में शिव स्वरूप को यह दायित्व सौंपना संगठन के लिए एक सशक्त और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि शिव स्वरूप के प्रशासनिक अनुभव, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा खेल प्रशिक्षण के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता का लाभ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब, वंचित एवं प्रतिभाशाली बच्चों को मिलेगा। उनके मार्गदर्शन में संस्था खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को भी नई दिशा देगी। बैठक में यह भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संस्था के आगामी खेल प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सामाजिक गतिविधियों तथा अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों से संबंधित सभी आधिकारिक पत्राचार एवं आवश्यक निर्देश वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव के माध्यम से जारी किए जाएंगे, जिससे संगठन की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी और पारदर्शी बन सके। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव आरएस राजू, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डीके, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. अंकित सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बेअंत सिंह, सौरभ कुमार, प्रदीप कुमार, अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने शिव स्वरूप को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जीवाईसीयू खेल, शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा और ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के अपने अभियान को और गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now