सम्मेलन में महिलाओं को जागरूक करती पुलिस कर्मी।
– अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का किया आह्वान
सिटी न्यूज फतेहपुर
खागा, फतेहपुर(CNF)। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से रविवार को नगर पंचायत खागा के कमलाखेर व दयालपुर मुहल्ले में पुलिस विभाग की ओर से बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी भाग लेकर पुलिस अधिकारियों से संवाद किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला पुलिस कर्मी अदिति सिंह, अनीता यादव व सुगंधा पटेल ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों को पहचानें और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या हिंसा को कभी भी चुपचाप सहन न करें। उन्होंने घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, मारपीट, दहेज उत्पीड़न और अन्य महिला अपराधों से जुड़े कानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं महिला हेल्पलाइन 1090 पर शिकायत दर्ज कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं। दूसरे सत्र में उपनिरीक्षक डीएस सरोज, आशीष उपाध्याय और सोनू यादव ने उपस्थित पुरुषों को कानून व्यवस्था, नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने और कानून का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान भड़काऊ तिवारी, राजन, पंकज, रामकली, रामकुमारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
