– बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर की सुख-समृद्धि की कामना

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जेष्ठ मास के तीसरे मंगलवार यानी बड़े मंगल पर पूरे जनपद में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर सहित जिले के विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां भक्तों ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर आरती की और सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के बाकरगंज स्थित बॉम्बे मेडिकल स्टोर द्वारा भव्य भंडारे एवं शर्बत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान हनुमान के चित्र पर माल्यार्पण और आरती के साथ हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को पूरी-सब्जी एवं प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर जय श्री राम और बजरंगबली की जय के जयकारे लगाए तथा प्रसाद ग्रहण किया। भव्य आयोजन की व्यवस्था मुस्लिम समाज के डॉ. फारूकी की देखरेख में संपन्न हुई, जिसने हिन्दू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की। डॉ. फारूकी ने कहा कि हम सभी ईश्वर की संतान हैं, बस उन्हें मानने के तरीके अलग-अलग हैं। आज बजरंगबली की पूजा और प्रसाद वितरण कर जो आत्मिक शांति मिली, वह अविस्मरणीय है। कार्यक्रम संयोजक एवं बॉम्बे मेडिकल स्टोर संचालिका सुभ्रा रस्तोगी ने बताया कि बड़े मंगल के पावन अवसर पर हवन-पूजन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में उनके बेटे करन रस्तोगी की विशेष भूमिका रही। साथ ही मेडिकल स्टाफ राजेश, सुमित, प्रियांशु, अवधेश, गोलू एवं नातिन वामिका रस्तोगी का भी विशेष सहयोग रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now