फोटो परिचय- फतेहपुर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विरोध जतातीं गुलाबी गैंग की महिलाएं।
– जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच कराने को राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
– संपत पाल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की उठाई मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट, गिरफ्तारी और कवरेज कर रहे पत्रकारों से दुर्व्यवहार के मामले में गुलाबी गैंग ने विरोध जताया। संगठन की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिला कमांडर चमेली प्रजापति के नेतृत्व में पहुंचीं महिलाओं ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता का मुद्दा उठाया। संगठन ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ कथित मारपीट और उनकी गिरफ्तारी पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शनकारियों की खबरें जुटा रहे पत्रकारों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के साथ कथित अभद्रता की भी निंदा की गई।
प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचीं गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मताधिकार और वोट चोरी से जुड़े आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी इस मामले में मिलीभगत का आरोप लगाया। संपत पाल ने कहा कि जनता की आवाज उठाने वालों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध दर्ज कराने के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए।
राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना की विस्तृत जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से अपना कार्य करने देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। प्रदर्शन में संगठन से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
चमेली प्रजापति को मिली जिला कमांडर की जिम्मेदारी

फोटो परिचय- चमेली प्रजापति
फतेहपुर(CNF)। गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल ने संगठन के विस्तार और महिलाओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से राधानगर निवासी चमेली प्रजापति को फतेहपुर का जिला कमांडर नियुक्त किया है। संगठन से लंबे समय से जुड़ी चमेली को नई जिम्मेदारी मिलने पर महिला कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई।
चमेली प्रजापति ने बताया कि वह वर्ष 2013 से संगठन के साथ जुड़कर महिलाओं के अधिकारों और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। महिलाओं को न्याय दिलाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए संगठन के माध्यम से संघर्ष जारी रखेंगी। उनकी नियुक्ति पर संगठन की महिलाओं ने हर्ष व्यक्त किया।
