बुदवन में तालाब खुदाई कार्य का जायजा लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– डीएम ने बुदवन में तालाब के खुदाई कार्य का लिया जायजा
– सभी कार्यों को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में जल संरक्षण एवं तालाबों के पुनर्जीवन के उद्देश्य से संचालित मिशन-300 अभियान के अंतर्गत सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने विकास खंड ऐरायां के ग्राम पंचायत बुदवन में मिशन 300 के तहत तालाब के पुनर्जीवन एवं खुदाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब की और अधिक गहराई तक खुदाई कराई जाए, जिससे अधिक मात्रा में वर्षा जल का संचयन हो सके। उन्होंने तालाब के चारों ओर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने के भी निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल स्रोतों का दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके और पशु , पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता हो सके। उन्होंने कहा कि जनपद में मिशन-300 अभियान के अंतर्गत 240 तालाबों पर पुनर्जीवन एवं खुदाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इन कार्यों से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा भारत सरकार के कैच द रेन अभियान के उद्देश्यों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण सुनिश्चित होने से भूजल स्तर में सुधार होगा और किसानों सहित आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के दो अन्य तालाबों के पुनर्जीवन की मांग किया। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाबों में यदि अतिक्रमण है तो अतिक्रमणमुक्त कराते हुए पुनजीर्वित की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए, जिससे गांव में जल संरक्षण की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। जनपद में जल संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाए तथा प्रत्येक तालाब को स्थानीय जनसहभागिता से संरक्षित एवं उपयोगी बनाया जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खागा, नायब तहसीलदार, डीसी जीरामजी, राजस्व निरीक्षक, राजस्व लेखपाल सहित संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now