CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) के तहत जनपद भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने गांवों में चैपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया। मंगलवार को मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं आत्मरक्षा के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम और कानूनी सहायता के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध शिकायत पोर्टल की जानकारी देकर लोगों को इन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
