फोटो परिचय- (4) घायल आरोपी को अस्पताल ले जाती पुलिस टीम।

– पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अब्बास के पैर में लगी गोली, अस्पताल में कराया गया भर्ती

– डेंडासई में मकान के भीतर गौकशी कर मांस बेचने के मामले में था फरार

– तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

CITY NEWS FATEHPUR

धाता, फतेहपुर(CNF)। डेंडासई गांव में मकान के भीतर गौकशी कर मांस बेचने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को धाता पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी सरवनपुर निदौरा निवासी अब्बास पुत्र रहीम है। डेंडासई गांव में आबादी के बीच मकान के अंदर गौकशी और मांस बिक्री की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इसी मामले में अब्बास भी वांछित चल रहा था।

गुरुवार रात पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अब्बास सरवनपुर निदौरा गांव के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गौकशी के मामले में वांछित अब्बास को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है और मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि मामले में वांछित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now