– सीएम पोर्टल पर की शिकायत, सुधार की उठाई मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मरीजों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी अजीत कुमार सैनी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए उच्चस्तरीय जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
अजीत कुमार सैनी ने अपनी शिकायत में कहा कि मेडिकल कॉलेज सहित आसपास के कई जनपदों के लाखों लोगों के उपचार का प्रमुख केंद्र है लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव मरीजों और उनके परिजनों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद कई वार्डों में पर्याप्त संख्या में पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर नहीं हैं, जिससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अस्पताल के वाशरूम और शौचालयों की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नियमित सफाई न होने के कारण गंदगी और दुर्गंध बनी रहती है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की आवश्यकता भी बताई। शिकायत में उन्होंने मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सेवाओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज आने के बावजूद केवल एक अल्ट्रासाउंड मशीन होने से जांच के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध न होने के कारण गंभीर मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है तथा आपातकालीन मरीजों की जान पर भी खतरा बढ़ जाता है। उन्होने मांग किया कि मेडिकल कालेज की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। जिससे मरीजों को सीधा लाभ मिल सके।
