फोटो परिचय- बच्चों के साथ जनपद का स्थापना दिवस मनाते समिति के संस्थापक कुमार शेखर।
– भोजन जन सेवा समिति ने बच्चों को सुनाई जनपद के गौरवशाली इतिहास की कहानी
– ऐतिहासिक विरासत और क्रांतिकारियों के बलिदान से कराया रूबरू
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के दो सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को गढ़ीवा में उत्साह और उल्लास के साथ स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। भोजन जन सेवा समिति की इस पहल में बच्चों ने अनूठे अंदाज में अपने जिले के गौरव और ऐतिहासिक पहचान का उत्सव मनाया।
समारोह में सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब बच्चों ने मोमबत्तियां जलाकर फतेहपुर जनपद का मानचित्र तैयार किया। रोशनी से जगमगाते नक्शे के जरिए जिले के प्रति सम्मान और अपनत्व का संदेश दिया गया। इस दौरान समिति के संस्थापक कुमार शेखर ने बच्चों को जनपद के दो सौ वर्षों के इतिहास से परिचित कराते हुए यहां की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी गौरवशाली गाथाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बावनी इमली सहित जिले के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों का उल्लेख करते हुए बताया कि फतेहपुर की पहचान यहां की समृद्ध परंपराओं और आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले वीर सपूतों के बलिदान से जुड़ी है। उन्होंने बच्चों से अपनी जन्मभूमि के इतिहास को जानने, उसकी विरासत पर गर्व करने और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी गौरवगाथा पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को बिस्कुट और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर आचार्य रामनारायण, अंकित वर्मा, सुनील कुमार और कपिल कुमार ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया। समिति का यह आयोजन बच्चों में जनपद के इतिहास, संस्कृति और अपनी मिट्टी के प्रति जुड़ाव पैदा करने की एक प्रेरक पहल बना।
