बरामद बच्चों को परिजन को सौंपती पुलिस।
– परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। थाना राधानगर क्षेत्र से लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिवार वालों ने राहत की सांस ली और राधानगर पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
जानकारी के अनुसार गंगानगर निवासी छाया देवी पत्नी महेश कुमार ने थाना राधानगर में सूचना दी कि उनका आठ वर्षीय पुत्र रुद्र, पड़ोस के बच्चों आदित्य 10 वर्ष और आरव 6 वर्ष राजकुमार के पुत्र हैं। घर के बाहर खेलते समय कहीं चले गए हैं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राधानगर ने तत्काल पुलिस टीम को बच्चों की तलाश में लगाया। उपनिरीक्षक गुलाब चन्द मौर्य और कांस्टेबल प्रवीण उपाध्याय ने क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए कॉलोनी के लोगों से पूछताछ की, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, परशुराम चैराहा समेत संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की। लगातार प्रयास के दौरान पुलिस टीम ने तीनों बच्चों को रेलवे क्रॉसिंग के निकट स्थित राजेश भोजनालय के पास सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राधानगर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण उनके घर की खुशियां वापस लौट आईं। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गुलाब चन्द मौर्य, कांस्टेबल प्रवीण उपाध्याय शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now